हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली में पुलिसकर्मियों से मारपीट और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना महेंद्रगढ़ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास रात में हुई। पुलिसकर्मी ईआरवी वाहन से गश्त कर रहे थे। इस दौरान सड़क पर एक क्रेटा गाड़ी खड़ी थी और उसकी लाइटें जल रही थीं। पुलिसकर्मियों ने चालक से गाड़ी सड़क से हटाने और लाइट बंद करने को कहा। आरोप है कि होटल की ओर से आए एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मी सुरेश कुमार से गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद क्रेटा चालक ने ईंट मारकर सरकारी ईआरवी वाहन का शीशा तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस का एक अन्य वाहन भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि कुछ देर बाद क्रेटा चालक वापस आया और दोनों सरकारी वाहनों को तेज गति से टक्कर मार दी। उसने पुलिसकर्मियों की ओर भी वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए, जिन्हें सतनाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में चोटें दर्ज हुई हैं और घायलों को आगे उपचार के लिए रेफर किया गया। शिकायत के आधार पर प्रवीण उर्फ झंडू फौजी निवासी सतनाली के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटनास्थल, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Source: Source