महेंद्रगढ़ में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और नशे के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पूर्व विधायक राव दान सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यकर्ताओं ने यादव धर्मशाला से एसडीएम कार्यालय तक मार्च निकाला और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। प्रदर्शन से पहले यादव धर्मशाला में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें राव दान सिंह ने कहा कि पूरे देश और प्रदेश में अव्यवस्था फैली हुई है। बैठक के बाद, कार्यकर्ताओं ने यादव धर्मशाला से सीएसटी कैंटीन, बालाजी चौक, गांधी मार्केट, सब्जी मंडी रोड, भगवान परशुराम चौक, 11 हट्टा बाजार और मोहल्ला सैनीपुरा होते हुए एसडीएम कार्यालय तक मार्च किया। ‘महंगाई के लिए केंद्र सरकार की नीतियां जिम्मेदार’ प्रदर्शन के दौरान राव दान सिंह ने केंद्र सरकार की नीतियों को महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में वृद्धि से परिवहन, कृषि और दैनिक खर्चों में भारी इजाफा हुआ है। उन्होंने लाखों शिक्षित युवाओं की बेरोजगारी और प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रभाव को भी सरकार की विफलता बताया। ‘अच्छे दिनों का वादा करने वाली सरकार हुई विफल’ राव दान सिंह ने आरोप लगाया कि 2014 में ‘अच्छे दिनों’ का वादा करने वाली मोदी सरकार का लगभग 12 वर्षों का कार्यकाल हर मोर्चे पर विफल रहा है। उन्होंने कहा कि रूस और ईरान से सस्ते तेल के विकल्प उपलब्ध होने के बावजूद, सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। कांग्रेस पार्टी ने इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पूरे प्रदेश में व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की।
Source: Source