हरियाणा के महेंद्रगढ़ में आज NEET परीक्षा का आयोजन हो रहा है, जिसमें करीब 3,800 परीक्षार्थी हिस्सा ले रहे हैं। जिले भर में 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दोपहर 2 बजे से परीक्षा शुरू हो गई है। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है। गर्मी से निपटने के लिए केंद्रों के बाहर टेंट, कूलर और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और उड़न दस्तों को तैनात किया गया है। हर केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है, जो पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। छात्रों के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति और हर कमरे में घड़ी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का समय शाम 6:20 बजे तक बढ़ाया गया है। किसी भी आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस और चिकित्सा टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। जिला प्रशासन ने परीक्षा को तनावमुक्त बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।
Source: Source