रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक साल के बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया। 22 सितंबर की शाम बच्चे के माता-पिता ने पुलिस को उसके गायब होने की सूचना दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहल्ले का पवन साहू बच्चे को दोपहर में अपने साथ ले गया। पुलिस ने बच्चे की फोटो और आरोपी की जानकारी के आधार पर तीन टीमें तलाश में लगाईं। कुम्हारी टोल प्लाजा के सीसीटीवी में पवन बच्चे को बाइक पर ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद राजनांदगांव से नागपुर तक रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज से पुलिस को आरोपी के नागपुर की ओर जाने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, रास्ते में पवन बच्चे को खाना-पानी देता रहा और रोने पर दूध भी खरीदकर दिया। दुर्ग के बाद उसने बच्चे को कपड़े से अपने पेट से बांध लिया और बाइक से आगे बढ़ा। करीब 280 किलोमीटर दूर नागपुर के उमरेठ में स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर रायपुर पहुंचाया और आरोपी को भी हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि पवन और बच्चे की मां भारती की करीब एक साल से पहचान थी और अगस्त में भारती उसके साथ नागपुर गई थी। पुलिस के मुताबिक, पवन भारती से प्रेम करता था और शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन उसके साथ जाने से इनकार करने पर उसने बच्चे को ले जाकर दबाव बनाने की कोशिश की।
Source: Source