महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। ट्रक और बोलेरो की टक्कर में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज भंडारा जिला अस्पताल में चल रहा है। बताया गया कि छत्तीसगढ़ के 19 लोग बोलेरो से पोला उत्सव में शामिल होने के लिए रायपुर से नागपुर जा रहे थे। सुबह करीब 4 बजे पिंपलगांव रोड पर बोलेरो की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन को ट्रक से निकालने के लिए दो जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार कुछ मृतकों की पहचान कर ली गई है, जबकि दो लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। कबीरधाम जिले से भी 6 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
Source: Source