बिलासपुर के रतनपुर स्थित महामाया मंदिर परिसर में 22 अगस्त को हुए विवाद के बाद मामला गरमा गया है। घटना का कथित गाली-गलौज और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट, पुलिस और भाजपा संगठन ने अपने-अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू की। महामाया मंदिर ट्रस्ट ने चार दुकानदारों को सात दिन के भीतर दुकानें हटाने का नोटिस दिया है। ट्रस्ट ने कहा कि विवाद से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुईं और सौहार्द प्रभावित हुआ। तय समय में दुकानें नहीं हटाने पर बलपूर्वक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हिंदू संगठनों ने मंदिर परिसर में गैर-हिंदुओं की दुकानें बंद कराने की मांग को लेकर ट्रस्ट को ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने नवरात्रि के दौरान एबिस कंपनी के तेल की खरीद नहीं करने की अपील भी की। एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने विवाद के मामले में एफआईआर दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। शिकायत के आधार पर रेहाना बेगम के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोतीलाल जायसवाल ने रेहाना बेगम को अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री के पद से जांच पूरी होने तक मुक्त कर दिया।
Source: Source