भिवानी के कितलाना टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में टावर प्रभावित किसानों और भाकियू पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। किसानों ने बिजली लाइनों और टावर निर्माण को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। बैठक की अध्यक्षता भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष राकेश आर्य ने की। किसानों ने प्रशासन पर वादाखिलाफी और अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया। सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि 30 जुलाई को भिवानी जिला मुख्यालय पर प्रदेश स्तरीय रोष प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों का आरोप है कि एचवीपीएनएल और बिजली निगम के अधिकारी उचित मुआवजा और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर नहीं हैं। भाकियू ने कहा कि प्रभावित किसानों की मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। राकेश आर्य ने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसानों के अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर किया जा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
Source: Source