भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपहरण और डकैती मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 19 वर्षीय सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू देवदास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मदद करने का बहाना बनाकर पीड़ितों को रोका था। इसके बाद उन्हें सुनसान जगह ले जाकर मारपीट की गई और हथियार दिखाकर डराया गया। पीड़ितों से मोबाइल, नकदी और चांदी के आभूषण लूटे गए थे। आरोपियों ने पीड़ितों के मोबाइल से ऑनलाइन पैसे भी अपने परिचित के खाते में ट्रांसफर कराए थे। वारदात के बाद आरोपी पीड़ितों की एक्टिवा लेकर फरार हो गए थे। मामले में पहले ही कई आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल, स्कूटी और हथियार भी जब्त किए थे। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में लूटे गए सामान और पैसों से जुड़ी जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Source: Source