रायपुर के भाटागांव बाजार में विवाद के बाद नगर निगम ने बाजार की व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। बाजार को निर्धारित स्थलों पर व्यवस्थित करने के साथ मुख्य मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराया गया है। अब पूरे बाजार परिसर में नो-व्हीकल जोन लागू रहेगा। विक्रेता और ग्राहक बाजार के अंदर वाहन नहीं ले जा सकेंगे। वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करना होगा। थोक सब्जी विक्रेताओं के वाहनों के लिए बाजार परिसर में अलग स्थान चिन्हित किया गया है। निगम के अनुसार इससे अव्यवस्थित पार्किंग और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। अभियान के दौरान सड़क पर बैठे विक्रेताओं को उनके निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट कराया गया। टाउन प्लानिंग टीम ने मुख्य मार्ग पर दुकानों को आगे बढ़ाकर बनाई गई अवैध संरचनाओं को हटाया। निगम ने सार्वजनिक सड़क या निर्धारित सीमा पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। तय आवंटित स्थान से हटकर कारोबार करने वालों का आवंटन निरस्त किया जा सकता है। कार्रवाई के दौरान सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एक व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द किया गया।
Source: Source