भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 20 जून से तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर पहुंचेंगे। दौरे की शुरुआत अमृतसर से होगी, जहां वह गोल्डन टेंपल में मत्था टेकेंगे और जलियांवाला बाग जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वह अमृतसर में संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अटारी बॉर्डर पर बीएसएफ जवानों के साथ योग कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं से वह जालंधर होते हुए लुधियाना पहुंचेंगे। लुधियाना में 21 और 22 जून को विभिन्न संगठनात्मक और समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जाएगा। भाजपा नेताओं का मानना है कि इस दौरे से आगामी चुनावों की तैयारियों को गति मिलेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं में दौरे को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। प्रदेश नेतृत्व ने स्वागत और कार्यक्रमों की तैयारियों के लिए जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। भाजपा का कहना है कि यह दौरा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Source: Source