पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। भरमौर के दिनका के पास बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना रात करीब 1 बजे होने की जानकारी सामने आई है। दोनों युवक लाहल के पेट्रोल पंप से तेल भरवाकर भरमौर लौट रहे थे। दिनका स्थित काली मंदिर के पास उनकी बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद वाहन सड़क से करीब 200 से 250 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान चलाकर दोनों युवकों के शव खाई से बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान चोबिया निवासी रविंद्र शर्मा और भरमौर निवासी विशाल कपूर के रूप में हुई है। रविंद्र शर्मा पेशे से चालक बताए गए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Source: Source