बिलासपुर-मस्तूरी राष्ट्रीय राजमार्ग 49 पर भदौरा के पास देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार इलेक्ट्रिशियन युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वह रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहा था। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कार चालक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, लेकिन मस्तूरी थाना पुलिस ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। राजमार्ग पर ओवरस्पीड बड़ी वजह बनती जा रही है। पिछले पांच वर्षों में दोपहिया वाहन चालकों की 36.60 फीसदी मौतें ओवरस्पीड से हुई हैं। प्रदेश में 2015 से 2025 तक 1.36 लाख सड़क हादसे हुए, जिनमें 54 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई। मरने वालों में 50 फीसदी 18 से 35 वर्ष के युवा थे। सबसे अधिक मौतें बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, कोरबा जैसे जिलों में दर्ज की गईं। अधिकतर हादसे शाम 3 से रात 9 बजे के बीच हुए।
Source: Source