बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक डिलीवरी बॉय के साथ अपहरण और मारपीट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़ित दीपक चंद्रा (22) के अनुसार, सोमवार रात जब वह काम से घर लौट रहा था, तब कुनाल वर्मा उर्फ ‘क्राइम’ और उसके 8-10 साथियों ने उसे अपोलो चौक के पास घेर लिया। बदमाशों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाकर एक सुनसान जगह ले गए और उसके दोस्त को बुलाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर हमलावरों ने उसे बेल्ट और लात-घूंसों से दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसके चेहरे, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दीपक किसी तरह हमलावरों के चंगुल से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने घटना की गंभीरता के बावजूद अपहरण के बजाय केवल मामूली मारपीट का मामला दर्ज किया है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे इलाके में आक्रोश है।
Source: Source