छत्तीसगढ़ के बालोद शहर की सब्जी मंडी में शनिवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने एक सब्जी व्यापारी से चाकू दिखाकर 25 हजार रुपये लूट लिए। व्यापारी डोमेश्वर पटेल सब्जी खरीदने के बाद मंडी परिसर के बाथरूम में गए थे, तभी कुछ युवक उनके पीछे घुस गए। आरोपियों ने चाकू उनके पेट पर टिका दिया और उनके पास रखे 25 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने पाण्डेयपारा, टिकरापारा और नयापारा क्षेत्र से 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक व्यक्ति की पहचान पीड़ित ने कर ली है, जबकि अन्य से पूछताछ जारी है। थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस घटना से पूरे मंडी क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
Source: Source