छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पंचायत प्रतिनिधियों से RTI आवेदन के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगा है। बालोद ब्लॉक सरपंच संघ ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में की है। संघ ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि कुछ लोग खुद को पत्रकार बताकर पंच-सरपंचों के खिलाफ RTI आवेदन लगाते हैं। इसके बाद संबंधित जनप्रतिनिधियों से कथित तौर पर पैसे मांगे जाते हैं। पैसे नहीं देने पर वीडियो प्रसारित करने और बदनाम करने की धमकी देने का भी आरोप है। संघ ने पुलिस से वीडियो, बातचीत और अन्य साक्ष्यों की जांच करने की मांग की है। सोशल मीडिया पर मामले से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ी। सरपंच संघ का कहना है कि RTI का उद्देश्य सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाना है। संघ ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सोशल मीडिया या यूट्यूब चैनल के जरिए पत्रकार होने का दावा कर वसूली कर रहे हैं। वहीं, मामले में नाम सामने आए RTI कार्यकर्ता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रितेश कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। बालोद पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source