छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा फ्रेंडशिप-डे के दिन एनएच-930 दल्लीराजहरा मार्ग पर हुआ। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार ग्राम जगन्नाथपुर निवासी गेमन लाल देशमुख और परसदा निवासी अरुण साहू की जान चली गई। हादसे में 18 वर्षीय याशु देशमुख समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार युवक सिकोसा की ओर से दल्लीराजहरा जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक ट्रक से टकरा गई और फिर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद बाइक पर सवार एक युवक सड़क के दूसरी ओर जा गिरा, जबकि दो युवक ट्रक के नीचे आ गए। ट्रक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता रहा, जिससे बाइक में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Source: Source