बस्तर पुलिस ने बड़ी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट करने का निर्णय लिया है। जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के फैसले के अनुसार 15 से 17 जून के बीच करीब 2234.648 किलोग्राम गांजा और 64 नशीली सिरप नष्ट की जाएंगी। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार यह गांजा पिछले कुछ समय में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बरामद किया गया था। जांच में सामने आया कि इसकी तस्करी पड़ोसी राज्य ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते देश के अन्य हिस्सों तक की जा रही थी। जब्त सामग्री को नगरनार स्थित NMDC के भस्मीकरण संयंत्र में जलाकर नष्ट किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की जाएगी। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि कार्रवाई जिला स्तरीय समिति और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में होगी। नष्टीकरण की प्रक्रिया का पूरा दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ा संदेश देगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Source: Source