छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में ग्राम मुडियाडीह-खैंदा मेनरोड पर 65 वर्षीय केजराम ध्रुव का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक ग्राम मुडियाडीह निवासी थे। परिजनों के अनुसार, केजराम 18 अगस्त की शाम करीब 5 बजे गांव खैंदा में दूध देने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बाद में उनका शव सड़क किनारे मिला। शुरुआती जांच में शरीर पर धारदार हथियार, संभवतः चाकू से किए गए हमले के गंभीर निशान मिले हैं, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। FSL टीम ने भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बेटे लकेश्वर ध्रुव की रिपोर्ट पर मामले में जांच शुरू की गई है। थाना प्रभारी के अनुसार, शरीर पर चाकू से हमले के स्पष्ट निशान हैं, लेकिन मौत का सही कारण और समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है तथा CCTV फुटेज और संभावित संदिग्धों की जानकारी खंगाली जा रही है।
Source: Source