बरनाला के धनौला थाने में पूर्व सरपंच के बेटे जोवनप्रीत सिंह द्वारा कीटनाशक निगलने का मामला सामने आया है। हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। वीडियो में जोवनप्रीत को कथित तौर पर स्प्रे पीते हुए देखा जा सकता है। जोवनप्रीत के अनुसार, करीब 15 दिन पहले शॉर्ट सर्किट के कारण उसकी कार में आग लग गई थी। बीमा क्लेम हासिल करने के लिए उसे पुलिस की रोजनामचा रिपोर्ट यानी DDR की जरूरत थी। उसका आरोप है कि वह पिछले एक सप्ताह से DDR दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर लगा रहा था। पुलिसकर्मियों पर रिपोर्ट दर्ज करने में टालमटोल करने का आरोप लगाया गया है। युवक ने पुलिस के रवैये और मानसिक परेशानी के चलते यह कदम उठाने की बात कही है। गांव के लोगों ने भी कुछ दिन पहले कार में आग लगने की घटना की पुष्टि की है। मामले के बाद पुलिस विभाग ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि युवक ने थाने के अंदर कीटनाशक निगला या बाहर से पीकर वहां पहुंचा था। फिलहाल किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Source: Source