हरियाणा के फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में विकास टेलीकॉम नामक मोबाइल दुकान पर युवकों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। दुकानदार विकास के अनुसार, घटना रात करीब 9 बजे हुई। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस कुछ युवक दुकान में घुसे और वहां मारपीट करने लगे। विरोध करने पर हमलावरों ने वहां मौजूद लोगों के साथ भी मारपीट की। इस दौरान एक युवक के सिर में चोट लग गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुकानदार ने आरोप लगाया कि हमलावर दुकान से मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस को नकदी ले जाने के आरोप की पुष्टि करने वाले सबूत अभी नहीं मिले हैं। घटना की सूचना मिलने पर पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच अधिकारी राजकुमार के अनुसार, फिलहाल मौके पर झगड़ा होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन पैसे ले जाने की बात स्पष्ट नहीं है। घटनास्थल से युवकों की एक बाइक बरामद हुई है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
Source: Source