छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम सोनेसरार के कोलकी रास्ते पर रात के अंधेरे में जुआ खेल रहे थे। वे मोबाइल फोन की रोशनी में 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगा रहे थे। पुलिस को मुखबिर से इस गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि सात आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से ₹14,100 नकद बरामद किए। इसके अलावा ताश की एक गड्डी और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹1,08,100 बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यशवंत कुमार वर्मा (41), राजू पटेल (33), सुरेश वर्मा (39), शेष नारायण यादव (42), पुरुषोत्तम वर्मा (33), चंद्रशेखर कश्यप (46) और टिकेश्वर वर्मा (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी ग्राम सोनेसरार के निवासी हैं। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नकदी, ताश की गड्डी और मोबाइल फोन को जब्ती की कार्रवाई में शामिल किया है।
Source: Source