फरीदकोट में स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 अगस्त के समारोह से पहले नेहरू स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल कराई गई। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर केशव गोयल ने रिहर्सल का जायजा लिया और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। पंजाब पुलिस, महिला पुलिस विंग और NCC की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। स्कूली विद्यार्थियों ने पीटी शो और देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने गिद्धा और भंगड़ा की प्रस्तुतियों से भी माहौल को उत्साहपूर्ण बनाया। रिहर्सल के बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों को लेकर बैठक हुई। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियां पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ निभाने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई। समारोह में डिप्टी कमिश्नर राहुल कुमार चाबा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह को सुचारू बनाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर की साफ-सफाई, यातायात, पेयजल और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेडियम में अस्थायी शौचालय और डस्टबिन समेत जरूरी इंतजाम भी किए जा रहे हैं।
Source: Source