फरीदकोट नगर काउंसिल के अध्यक्ष पद के चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने राजनीतिक समीकरणों को साधते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। काउंसिल के नवनिर्वाचित सदन की विशेष बैठक में ‘आप’ के पार्षद बलजिंदर सिंह बब्बू आहूजा को अध्यक्ष चुन लिया गया। इस चुनाव में पार्टी के भीतर हुई बगावत और किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत न होने के बावजूद, ‘आप’ ने कांग्रेस के 7 पार्षदों के समर्थन से अध्यक्ष पद हासिल किया। कुल 26 मतों में से बलजिंदर सिंह को 15 वोट मिले, जबकि शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार को 7 और ‘आप’ के बागी उम्मीदवार को 4 मत प्राप्त हुए। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां की उपस्थिति में संपन्न हुए इस चुनाव के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने शहर के बिना भेदभाव विकास का संकल्प लिया है। फिलहाल सीनियर उप प्रधान और उप प्रधान के पदों का चुनाव तकनीकी कारणों से टाल दिया गया है, जिनकी नई तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी।
Source: Source