पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता बी.एन. शर्मा ने आज अपने परिवार और साथियों के साथ वाल्मीकि तीर्थ पहुंचकर वाल्मीकि समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। यह माफी उन्होंने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान की गई विवादित टिप्पणी को लेकर मांगी, जिसे लेकर वाल्मीकि समाज में भारी नाराजगी देखने को मिली थी। दरअसल, कुछ दिन पहले एक पॉडकास्ट में बी.एन. शर्मा और उनके परिवार द्वारा भगवान वाल्मीकि जी की महिमा के खिलाफ कथित तौर पर की गई टिप्पणियों पर विवाद खड़ा हो गया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वाल्मीकि तीर्थ एक्शन कमेटी ने अमृतसर के पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत भी सौंपी थी। तीर्थ पहुंचकर स्वीकार की अपनी गलती विवाद बढ़ने के बाद आज बी.एन. शर्मा वाल्मीकि तीर्थ पहुंचे और माथा टेककर अपनी गलती स्वीकार की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पॉडकास्ट के दौरान उनसे जाने-अनजाने में गलती हो गई थी। उनका किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि उनकी किसी बात से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए दिल से क्षमा प्रार्थी हैं। समाज में था गहरा रोष: कुमार दर्शन वहीं, वाल्मीकि तीर्थ एक्शन कमेटी के नेता कुमार दर्शन ने कहा कि बी.एन. शर्मा की टिप्पणियों से समाज में काफी रोष था, जिसके चलते पुलिस प्रशासन को शिकायत भी दी गई थी। लेकिन आज अभिनेता ने अपने परिवार सहित तीर्थ स्थल पर पहुंचकर अपनी भूल स्वीकार की और समाज से माफी मांगी है। कुमार दर्शन ने कहा कि वाल्मीकि समाज ने बड़ा दिल दिखाते हुए बी.एन. शर्मा को माफ करने का फैसला किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कदम से विवाद पूरी तरह समाप्त होगा और समाज में भाईचारा तथा सौहार्द का संदेश जाएगा।
Source: Source