पंजाब पुलिस के निलंबित DIG हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वत मामले में आज चंडीगढ़ की CBI विशेष अदालत में सुनवाई होगी। मामले के शिकायतकर्ता मंडी गोबिंदगढ़ के कारोबारी आकाश बत्ता पहली बार अदालत में गवाही देंगे। अदालत ने उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए समन जारी किया है। CBI के अनुसार, बत्ता ने शिकायत की थी कि आपराधिक मामले में कार्रवाई का डर दिखाकर उनसे 8 लाख रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के आधार पर CBI ने तत्कालीन DIG भुल्लर और कथित बिचौलिए कृष्णु शारदा को गिरफ्तार किया था। आरोप तय होने के बाद शिकायतकर्ता की गवाही मुकदमे में अहम मानी जा रही है। भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद CBI ने सेक्टर-40 स्थित उनके घर पर तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान नकदी, सोना और अन्य कीमती सामान बरामद होने की जानकारी सामने आई थी। एजेंसी ने अलग मामले में आय से अधिक संपत्ति की जांच भी शुरू की थी। भुल्लर और कृष्णु शारदा की डिस्चार्ज अर्जियां अदालत पहले ही खारिज कर चुकी है। दोनों पक्षों ने CBI की कार्रवाई और अधिकार क्षेत्र पर सवाल उठाए थे। CBI के मुताबिक, रिश्वत की रकम कथित तौर पर बिचौलिए के जरिए मांगी गई थी। अब आकाश बत्ता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा आगे बढ़ेगा।
Source: Source