लुधियाना में किडनैपिंग मामले के आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम के सामने हंगामा हो गया। डिवीजन नंबर-4 और सलेम टाबरी थाने की पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी शुभम उर्फ गोरू वहां छिपा हुआ है। पुलिस को देखकर शुभम अपने साथियों गौतम और मानव के साथ छत से कूदकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया और सरकारी वाहन में बैठा लिया। इसी दौरान आरोपी के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। भीड़ ने पुलिस वाहन के आगे स्कूटर खड़ा कर रास्ता रोक दिया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। हंगामे के बीच भीड़ ने सरकारी वाहन का पिछला दरवाजा खोलकर शुभम को जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद शुभम पुलिस की मौजूदगी में मौके से फरार हो गया। आरोपी की पत्नी ने अपने हाथ पर धारदार हथियार से चोट लगाकर पुलिस पर आरोप लगाने की कोशिश की और वीडियो बनाने लगी। पुलिसकर्मियों ने महिला की गतिविधियों की भी वीडियो रिकॉर्डिंग की। पुलिस ने शुभम के दो साथियों गौतम और मानव को गिरफ्तार कर लिया। एएसआई अमरीक सिंह की शिकायत पर विक्की हथौड़ी, उसकी दोनों बेटियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फरार शुभम और उसे छुड़ाने में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
Source: Source