मोहाली के बलटाना में पुलिस ने नशे के सेवन के आरोप में एक युवक के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान संजीव कुमार उर्फ संजू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक की तलाशी में कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। हालांकि सिविल अस्पताल में कराए गए डोप टेस्ट में मॉर्फिन, ट्रामाडोल और बेंजोडायजेपाइन की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक 29 अगस्त को ASI अमरजीत सिंह अपनी टीम के साथ जीरकपुर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से संजीव के नशा करने और दूसरों को नशा करवाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम बिग बाजार के पीछे स्थित झुग्गी बस्ती में पहुंची। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर युवक भागने लगा। पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में कोई नशीला पदार्थ नहीं मिलने पर उसे सिविल अस्पताल ढकोली ले जाया गया। डोप टेस्ट की रिपोर्ट के आधार पर बलटाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 27, 61 और 85 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Source: Source