हरियाणा के पानीपत में विदेश भेजने का झांसा देकर 40 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला गांव सिवाह का है, जहां एक ही परिवार के सदस्यों पर धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित के बेटे को विदेश भेजने का भरोसा देकर मार्च 2024 तक करीब 40 लाख रुपये लिए। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों पर धमकी देने और अपमानित करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है। शिकायत में फोन रिकॉर्डिंग को भी सबूत के तौर पर पेश किया गया है। स्थानीय स्तर पर राहत नहीं मिलने के बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का दरवाजा खटखटाया। आयोग ने मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने और रिपोर्ट सौंपने की सिफारिश की। इसके बाद सेक्टर-29 थाना पुलिस ने गुरदेव, उसके बेटे सुमित, बहू ज्योति और पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस अब मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source: Source