बिहार में मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा देखने को मिला। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेन व्यवस्था नहीं की गई थी। इस बात से नाराज उम्मीदवारों ने एग्जाम स्पेशल ट्रेन के आगे धरना देकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और स्टेशन परिसर में पत्थरबाजी व तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। झड़प में रेलवे आईजी जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी घायल हो गए। कई यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Source: Source