प्रतापपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन रपटा पहली तेज बारिश में बह जाने के बाद विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने मौके का निरीक्षण किया। धोंधा-गोविंदपुर-रमकोला मार्ग पर हुए नुकसान को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों और ठेकेदार को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने सूरजपुर कलेक्टर से बातचीत कर मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच की मांग की। उन्होंने दोषी अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। ग्रामीणों ने बताया कि रपटा बहने से कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। इससे किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। विधायक ने ग्रामीणों को जल्द स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण का भरोसा दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कृषि महाविद्यालय भवन का भी जायजा लिया। वहां धीमी प्रगति और कमियों को लेकर निर्माण एजेंसी को जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।
Source: Source