हरियाणा के पलवल से एक दिल दहला देने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने ही परिवार की बीमारी का फायदा उठाकर एक महिला को अंधविश्वास के जाल में फंसाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मूल रूप से पलवल की रहने वाली और वर्तमान में राजस्थान में रह रही पीड़ित महिला ने भरतपुर (राजस्थान) पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसे घटनास्थल पलवल होने के कारण ‘जीरो एफआईआर’ के तहत पलवल के कैंप थाने में ट्रांसफर किया गया है। कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, पीड़िता के पड़ोस में रहने वाला और रिश्ते में उसका देवर लगने वाला आरोपी हरीश, घर में लगातार रहने वाली बीमारी को ठीक कराने का झांसा देकर महिला को एक तांत्रिक के पास ले गया था। तांत्रिक क्रियाओं, धूनी और झाड़-फूंक के दौरान महिला बेसुध (बेहोश) हो गई। इसका फायदा उठाकर आरोपी हरीश अपने साथी नरेश की मदद से उसे पलवल के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ जबरन रेप किया गया और उसकी अश्लील तस्वीरें व वीडियो बना लिए गए। होश में आने पर जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपियों ने वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने और बदनाम करने की धमकी दी। बदनामी के डर से पीड़िता लंबे समय तक चुप रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी उसे ब्लैकमेल कर बार-बार हवस का शिकार बनाता रहा। आखिरकार आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अपनी एक महिला रिश्तेदार के साथ राजस्थान पुलिस की शरण ली। पलवल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वारदात वाले होटल की शिनाख्त कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
Source: Source