पलवल में सीआईए स्टाफ ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। सीआईए टीम नेशनल हाईवे-19 पर गदपुरी टोल प्लाजा के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को पृथला गांव निवासी रोहित कुमार के हथियार के साथ मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसकी i20 कार की तलाशी ली। कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखा देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने गदपुरी थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
Source: Source