छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बहुचर्चित पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड का मामला गरमा गया है। इस मामले में मुख्य गवाहों को डराने-धमकाने और बयान बदलने के लिए प्रलोभन देने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों द्वारा गवाहों को अपनी गवाही बदलने के बदले एक लाख रुपये का लालच दिया गया है। पीड़ित पक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत बीजापुर के पुलिस अधीक्षक से की है। शिकायत में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि कुछ लोग केस को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। गवाहों पर आर्थिक प्रलोभन देकर सच से मुकरने का दबाव बनाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। पीड़ित परिवार ने गवाहों की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। एसपी ने इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। पत्रकार हत्याकाण्ड जैसे संवेदनशील मामले में इस प्रकार की गतिविधियों से क्षेत्र में आक्रोश है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि गवाहों को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अब सबकी निगाहें इस मामले में होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
Source: Source