पंजाब के पटियाला जिले के अर्बन स्टेट इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। डीसीडब्ल्यू पोल के पास एक नीले ड्रम में अज्ञात युवती का शव मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 15 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस को मौके से युवती के शरीर पर बने टैटू भी मिले हैं, जिनमें एक हाथ पर दिल और दूसरे पर नाम लिखा होने की बात सामने आई है। इन टैटू के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में मामला हत्या का लग रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
Source: Source