पटियाला पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लूटपाट और अन्य गंभीर वारदातों में शामिल एक गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 अवैध पिस्तौल बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट और छीना-झपटी जैसे गंभीर मामलों में वांछित बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं और कई बार जेल भी जा चुके हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जेल के दौरान इनके संपर्क नशा तस्करों और हथियार तस्करों से बने थे। आरोप है कि गिरोह के सदस्य जेल से बाहर आने के बाद भी इन नेटवर्कों के संपर्क में रहे। पुलिस को संदेह है कि हथियारों की आपूर्ति संगठित आपराधिक नेटवर्क के माध्यम से की गई थी। जांच में सोशल मीडिया के जरिए अपराधियों के बीच संपर्क स्थापित होने की जानकारी भी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए और उनका उपयोग किस वारदात में किया जाना था। अधिकारियों ने हथियार सप्लाई चेन और उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान शुरू कर दी है। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। वित्तीय लेनदेन और संभावित हवाला कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
Source: Source