पटना के मोकामा थाना क्षेत्र के कन्हाईपुर गांव में 65 वर्षीय कृष्णा देवी की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनके बेटे, बहू और बहू की मां ने मिलकर उनका गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे वृद्धा पेंशन के पैसों का विवाद प्रमुख कारण माना जा रहा है। मृतका को सरकारी वृद्धा पेंशन मिलती थी। आरोपित बेटा नवीन शर्मा कथित रूप से शराब के लिए मां से पैसे मांगता था। पैसों को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतका की बेटी ने दावा किया कि घटना से दो दिन पहले मां को जान से मारने की धमकी दी गई थी। उसने आरोप लगाया कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी। परिवार के अनुसार बुजुर्ग महिला को वर्षों से प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच में गले पर मिले निशानों से गला दबाकर हत्या की आशंका मजबूत हुई है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने बेटे, बहू और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Source: Source