ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के पंजाब और चंडीगढ़ स्थित कार्यालयों में ED की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। ED ने पंजाब के मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के रिश्तेदार के लुधियाना स्थित घर पर भी तलाशी ली। बुधवार देर रात टीम दिल्ली के पूर्व मंत्री सतेंद्र जैन के घर भी पहुंची। छापेमारी के बीच पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट में तत्काल सुनवाई की मांग करते हुए याचिका दायर की। हाईकोर्ट ने छापेमारी की निगरानी के लिए वारंट ऑफिसर नियुक्त किया और मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, पंजाब के एक IAS अधिकारी के घर से करीब ढाई करोड़ रुपये नकद, सवा किलो सोना-चांदी और जमीन से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। इन बरामदगी की जांच अभी जारी है। भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि पंजाब का एक मंत्री देश छोड़कर भाग गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आम आदमी पार्टी ने मोहाली में ED की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन करने और केंद्रीय एजेंसी की टीमों का घेराव करने की बात कही है। ED के अनुसार, तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मामले में दिल्ली, मोहाली, चंडीगढ़, पंचकूला और लुधियाना के 26 ठिकानों पर सर्च और सर्वे किया गया। एजेंसी के मुताबिक, जांच में करीब 290 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड, GMADA से जुड़े लेन-देन, बकाया में कथित छूट और रद्द प्लॉटों के दोबारा आवंटन जैसे पहलू शामिल हैं। ED ने जमीन अधिग्रहण से जुड़ी कथित अनियमितताओं और एक निजी कंसल्टेंसी फर्म की भूमिका की भी जांच की बात कही है।
Source: Source