पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस के जनवरी 2024 के कनाडा दौरे को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। याचिकाकर्ता करण प्रीत सिंह ने मंत्री की विदेश यात्रा से जुड़ी मंजूरी और यात्रा भत्तों की जांच की मांग की है। याचिका में दावा किया गया है कि बैंस 17 से 20 जनवरी 2024 तक निजी दौरे पर कनाडा में थे। दूसरी ओर, सरकारी रिकॉर्ड में इसी अवधि के दौरान पंजाब और दिल्ली में उनके दौरे दर्ज होने का दावा किया गया है। रिकॉर्ड में चंडीगढ़, रोपड़, कीरतपुर साहिब, आनंदपुर साहिब और दिल्ली में उनकी मौजूदगी का उल्लेख होने की बात कही गई है। याचिकाकर्ता ने सवाल उठाया है कि एक ही अवधि में कनाडा और इन स्थानों पर मौजूदगी से जुड़े रिकॉर्ड कैसे बने। याचिका में विदेश यात्रा के लिए आवश्यक मंजूरी ली गई थी या नहीं, इसकी जांच की मांग की गई है। यात्रा के दौरान पंजाब और दिल्ली के स्थानीय दौरों के लिए यात्रा भत्ते दिए जाने का दावा भी किया गया है। याचिकाकर्ता ने इन रिकॉर्ड और भुगतान की स्वतंत्र जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर 9 मार्च 2025 को विदेश मंत्रालय में शिकायत भी की गई थी। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से मामले में अपना पक्ष रखने को कहा है। फिलहाल कोर्ट ने आरोपों पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। सरकार का जवाब आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई होगी।
Source: Source