पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी विवाद एक बार फिर सामने आया है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के कैंपेन कमेटी चेयरमैन पद छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार दिल्ली में हुई कांग्रेस हाईकमान की बैठक में चन्नी गुट ने नाराजगी जाहिर की। चन्नी ने कहा कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की अगुआई में पार्टी 2027 का चुनाव नहीं जीत सकती। उन्होंने पंजाब कांग्रेस नेतृत्व में बदलाव की मांग को लेकर अपनी बात रखी। बैठक में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नेताओं को पार्टी के फैसलों के साथ चलने की नसीहत दी। नाराजगी बढ़ने पर चन्नी ने कैंपेन कमेटी पद से इस्तीफा देने की बात कही। वहीं राजा वड़िंग ने भी पद छोड़ने की पेशकश की, लेकिन हाईकमान ने उन्हें पद पर बने रहने को कहा। बैठक के दौरान सुखजिंदर सिंह रंधावा और चन्नी गुट के नेताओं के बीच भी मतभेद सामने आए। सूत्रों के मुताबिक तनाव बढ़ने के बाद वेणुगोपाल और चन्नी बैठक से बाहर चले गए। पंजाब कांग्रेस में चल रही इस खींचतान को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए अहम माना जा रहा है। हाईकमान चन्नी को अलग-थलग नहीं करना चाहता और पार्टी में संतुलन बनाए रखने की कोशिश कर रहा है।
Source: Source