नवा रायपुर के इंद्रावती भवन में शुक्रवार को लिफ्ट अचानक बंद होने से 7 से 8 अधिकारी और कर्मचारी अंदर फंस गए। तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट बीच में ही अटक गई थी। सभी लोग करीब आधे घंटे तक लिफ्ट के अंदर फंसे रहे। लंबे समय तक बंद जगह में रहने से उन्हें दम घुटने जैसा महसूस हुआ। कर्मचारियों ने सांस लेने में परेशानी और बढ़ती गर्मी की शिकायत की। बाहर मौजूद कर्मचारियों ने लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश शुरू की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दरवाजा खोला जा सका। इसके बाद सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कर्मचारियों का कहना है कि थोड़ी और देर दरवाजा नहीं खुलता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। उन्होंने बताया कि इंद्रावती भवन की लिफ्ट का लंबे समय से नियमित मेंटेनेंस नहीं हुआ है। रोजाना बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी इस लिफ्ट का इस्तेमाल करते हैं। इसके बावजूद नियमित जांच और रखरखाव नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कर्मचारियों ने लिफ्ट के नियमित मेंटेनेंस और सुरक्षा जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी भवन में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए ऐसी व्यवस्था जरूरी है।
Source: Source