गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेस-वे पर खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। काले रंग की महिंद्रा थार समेत कई लग्जरी गाड़ियों के काफिले ने हाईवे पर कथित तौर पर हुड़दंग मचाया। युवकों ने एक्सप्रेस-वे के बीच गाड़ियां रोककर यातायात बाधित कर दिया। इसके चलते पीछे चल रहे वाहन चालकों को परेशानी हुई और जाम की स्थिति बन गई। वीडियो में कुछ युवक गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलकर पोज देते दिखाई दे रहे हैं। कुछ युवकों के चलती गाड़ियों के गेट से लटकने और छत पर बैठने का भी दावा किया गया है। युवकों ने सड़क के बीच तिरंगा हाथ में लेकर लहराया। आरोप है कि सोशल मीडिया पर रील और लाइक्स के लिए युवकों ने ट्रैफिक नियमों की अनदेखी की। घटना का वीडियो खुद युवकों द्वारा सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने के बाद वायरल हो गया। वीडियो सामने आने पर सोशल मीडिया यूजर्स ने कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने द्वारका एक्सप्रेस-वे पर बढ़ती स्टंटबाजी को लेकर चिंता जताई है। पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी टीम ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। पुलिस गाड़ियों के नंबर प्लेट के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मामले में खतरनाक ड्राइविंग और सार्वजनिक रास्ता बाधित करने जैसे उल्लंघन सामने आ सकते हैं।
Source: Source