चंडीगढ़ के आईटी पार्क थाना क्षेत्र में नशे की हालत में युवकों के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अभियान चलाया। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ाकर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान रंजीत कुमार उर्फ भंडारी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से 12.68 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रंजीत कुमार के खिलाफ पहले से चोरी, नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य अपराधों के आठ मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें कई मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत भी दर्ज हैं। पुलिस अभी तक शहर में नशे की सप्लाई करने वाले मुख्य नेटवर्क तक नहीं पहुंच सकी है। कार्रवाई की शुरुआत क्षेत्र में नशे में झूमते युवकों के वीडियो सामने आने के बाद हुई। एक वीडियो में युवक आंखें बंद कर दुकान के बाहर झूमता नजर आया। दूसरे वीडियो में युवक जमीन पर सिर रखकर काफी देर तक बिना हलचल के बैठा दिखाई दिया। तीसरे वीडियो में दो युवकों के जंगल क्षेत्र में कथित तौर पर नशे का इंजेक्शन लगाने जैसी गतिविधि करते दिखने का दावा किया गया है। चंडीगढ़ की डिप्टी मेयर सुमन शर्मा ने नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए प्रभावी कदम उठाने की मांग की थी।
Source: Source