कांकेर के बड़गांव वनांचल क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर जिला प्रशासन ने कई फैसले लिए हैं। कलेक्टर कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने सर्व आदिवासी समाज एवं परलकोट सुरक्षा समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में बैंकिंग, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों को इन मुद्दों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने बड़गांव और कोयलीबेड़ा में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नई शाखाएं शुरू कराने के प्रयास की बात कही। इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक को प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। बड़गांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित डॉक्टर की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। पीएचसी में जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने और सामान्य प्रसव स्थानीय स्तर पर कराने पर जोर दिया गया। पखांजूर-दुर्गूकोंदल मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग को गड्ढों की तत्काल मरम्मत करने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि दुर्गूकोंदल से पखांजूर तक 57 किलोमीटर सड़क के नवनिर्माण, चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शिक्षा विभाग को बड़गांव क्षेत्र के जर्जर स्कूल भवनों का निरीक्षण कर तीन दिनों में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी। बड़गांव में पोस्ट मैट्रिक बालक और बालिका छात्रावास शुरू करने के लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
Source: Source