हरियाणा के झज्जर जिले के बेरी में शारदीय नवरात्र की दुर्गा सप्तमी पर मां भीमेश्वरी देवी के मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के साथ लगे मेले में भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। बच्चों ने झूलों और दुकानों का आनंद लिया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। मेले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 650 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी दो डीएसपी और तीन एसीपी कर रहे हैं। पुलिसकर्मी मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रित करने तथा आवाजाही सुचारू रखने में जुटे हैं। एसडीएम बेरी रेणुका नांदल ने मेले का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। दुर्गा सप्तमी पर उमड़ी भीड़ ने मां भीमेश्वरी देवी मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को दर्शाया।
Source: Source