हरियाणा के रेवाड़ी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पैदल मार्च निकाला। यह कार्रवाई एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर सिटी थाना पुलिस ने की। शहर थाना प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि दशहरा पर्व को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है कि किसी भी गलत गतिविधि पर सख्त कार्रवाई होगी। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। बाजारों में पुरुष और महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में गश्त करेंगे। व्यापारियों से अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई है, ताकि लोगों को खरीदारी के दौरान परेशानी न हो। वाहन चालकों से नो-पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी नहीं करने को कहा गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर चालान काटा जाएगा। दशहरा कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा। हुडा ग्राउंड में रावण दहन के मद्देनजर शाम चार बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक रणबीर सिंह हुड्डा चौक से राजीव गांधी चौक और कंटेनर डिपो की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। लोगों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। आयोजन स्थलों पर जेबकतरों, हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। शोभायात्राओं और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पीसीआर वाहन तथा पुलिस राइडर्स लगातार गश्त करेंगे।
Source: Source