सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आमिर शोकीन नस्लीय टिप्पणी को लेकर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में उन पर त्रिपुरा के एक युवक को ‘चीनी’ कहकर नस्लीय ताने मारने का आरोप है। वीडियो सामने आने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया। दिल्ली पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। त्रिपुरा के कई नेताओं ने कथित नस्लीय टिप्पणियों पर कड़ी नाराजगी जताई है। नेताओं ने आमिर शोकीन से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए। इस घटना ने पूर्वोत्तर भारत के लोगों के खिलाफ नस्लीय भेदभाव के मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। विवाद बढ़ने के बाद आमिर शोकीन ने माफी मांगी। उन्होंने सफाई दी कि वीडियो में की गई टिप्पणी का उद्देश्य मजाक करना था। हालांकि, उनकी इस सफाई के बावजूद मामला कानूनी जांच के दायरे में है। पुलिस अब दर्ज एफआईआर के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source: Source