आदमपुर में जालंधर-होशियारपुर मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसा ब्लॉक विकास अधिकारी कार्यालय के पास हुआ। तेज रफ्तार पंजाब रोडवेज बस ने मोटरसाइकिल सवार 17 वर्षीय छात्र रजत को टक्कर मार दी। रजत 12वीं कक्षा में पढ़ता था और चुहड़वाली का रहने वाला था। टक्कर के बाद रजत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान उसके पिता सुरजन भी मोटरसाइकिल पर साथ थे और बाल-बाल बच गए। सुरजन के मुताबिक, वह अपने इकलौते बेटे के साथ किसी काम से आदमपुर आए थे। दोनों सड़क किनारे कच्चे हिस्से में रुके हुए थे, तभी पीछे से आ रही बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बेटे की मौत से पिता सुरजन का दर्द सामने आया और उन्होंने उसके सीए बनने के सपने का जिक्र किया। घटना से गुस्साए परिजनों, ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों ने सड़क पर शव रखकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
Source: Source