लुधियाना के पीएयू थाना क्षेत्र में दो कारों की जोरदार टक्कर का मामला सामने आया है। हादसा पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-5 के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। फूडटेक के छात्र अतुल ने बताया कि वह अपनी कार से पीएयू गेट से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों कार चालकों के बीच कहासुनी हो गई। सूचना मिलने पर पीएयू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों वाहनों का निरीक्षण कर चालकों को जांच के लिए बुलाया है। घटना की वजह पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बयानों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source