नारायणपुर जिले के वनांचल ग्राम डुंगा में नेटवर्क की भारी किल्लत के बावजूद राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने अपनी कार्यकुशलता और ‘देसी जुगाड़’ का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। एग्री स्टैक पंजीयन अभियान के दौरान जब गांव में सिग्नल नहीं मिला, तो टीम ने हार मानने के बजाय मोबाइल को पेड़ की ऊंची डाल पर लटका दिया। ऊंचाई पर सिग्नल मिलते ही हॉटस्पॉट के जरिए एक साथ 10 किसानों का ऑनलाइन पंजीयन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इस अभियान का उद्देश्य हर किसान के लिए एक ‘यूनिक डिजिटल आईडी’ तैयार करना है, जिससे उन्हें भविष्य में बीमा, ऋण, सरकारी अनुदान और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हो सके। भूमि और फसल के रिकॉर्ड के डिजिटल होने से किसानों को बार-बार तहसील के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। कलेक्टर नम्रता जैन के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में कर्मियों के इस जज्बे और कठिन परिस्थितियों में भी काम जारी रखने की ग्रामीण जमकर सराहना कर रहे हैं।
Source: Source