झज्जर के दुजाना गांव में हुई पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात अपराधी इंद्रपाल को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। एसटीएफ की रिपोर्ट के अनुसार, इंद्रपाल रविवार को विजय सैनी के बेटे सुनील सैनी की हत्या की साजिश रचकर दुजाना पहुंचा था। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस के सामने सरेंडर करने से न केवल इनकार किया, बल्कि पुलिस टीम को धमकाते हुए कहा कि वह पहले ही दो हत्याएं कर चुका है और दो-चार और करने से उसे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इसके बाद उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली पीएसआई सचिन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ इंचार्ज ने भी गोलियां चलाईं, जिससे इंद्रपाल घायल हो गया। घायल अवस्था में भी उसने इंस्पेक्टर राकेश पर जानलेवा हमला किया, जिससे वे घायल हो गए। अंततः मुठभेड़ में इंद्रपाल मारा गया। सोमवार को मजिस्ट्रेट की निगरानी और वीडियोग्राफी के बीच मेडिकल बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसमें उसे तीन गोलियां लगने की पुष्टि हुई। परिजनों ने घटना पर कोई अधिक टिप्पणी न करते हुए केवल इतना कहा कि इंद्रपाल ने दूसरों के साथ जो किया था, अंततः उसके साथ भी वही हुआ। पुलिस मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Source: Source